जबलपुर। आम नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय ने स्वयं शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कुल 133 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें पति-पत्नी एवं पारिवारिक विवाद, जमीन संबंधी विवाद, मारपीट और साइबर अपराध से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) बी.एस. गोठरिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक (कैंट) उदयभान बागरी भी उपस्थित रहे।
एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, शहर एवं ग्रामीण थानों तथा पुलिस चौकियों में भी जनसुनवाई आयोजित कर नागरिकों की शिकायतें सुनी गईं और उनके त्वरित निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई।


