एक लाख रुपये, दो बाइक और चाकू बरामद; मुख्य आरोपी की तलाश जारी
जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में इंदौर से उधारी की रकम लेने आए एक व्यापारी से दो लाख रुपये की लूट की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा ली। पुलिस ने वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई रकम में से एक लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त दो दोपहिया वाहन और एक चाकू बरामद किया है। मामले में फरार मुख्य साजिशकर्ता पियूष पटेल की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार इंदौर के लसूड़िया निवासी अभय कुमार सिंह 6 जून को अपने साथी लखन चौरसिया के साथ जबलपुर उधारी के दो लाख रुपये लेने आए थे। मझौली क्षेत्र से रकम वसूलने के बाद वे पाटन बायपास स्थित परिचित के घर लौटे। इसी दौरान उनके परिचित पियूष पटेल ने फोन कर अपना सामान भिजवाने की बात कही। कुछ देर बाद राजेंद्र पटेल उन्हें बाइक से दीनदयाल बस स्टैंड छोड़ने निकला।
रास्ते में सर्विस लेन पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने सफेद एक्टिवा से पहुंचकर व्यापारी पर मिर्च पाउडर फेंका, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद आरोपियों ने चाकू दिखाकर मारपीट की और दो लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक बी.एस. गोठरिया और थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।
पूछताछ में राजेंद्र पटेल ने स्वीकार किया कि उसने इंदौर में मौजूद पियूष पटेल के कहने पर अपने साथियों आलोक पांडे, रोहन ठाकुर, शरद बेन और बृजेश उर्फ बिज्जू अन्ना के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई रकम में से एक लाख रुपये, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें तथा एक चाकू जब्त किया है। शेष रकम और अन्य सामान की बरामदगी के लिए आरोपियों को न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रकरण में संबंधित धाराओं के साथ बीएनएस की धारा 49 भी बढ़ाई गई है तथा फरार आरोपी पियूष पटेल की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में राजेंद्र पटेल (26) मदनमहल, शरद बेन (21) बेन मोहल्ला, रामपुर, बृजेश उर्फ बिज्जू अन्ना बेन (24), आजाद चौक गोरखपुर,
आलोक पांडे (21) नेहरू नगर, कैंट, रोहन उर्फ पुरोहित सिंह ठाकुर (22) बिलेहरी, गोराबाजार शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना माढ़ोताल की टीम तथा साइबर सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


