जबलपुर। शहर और जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जबलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 महिलाओं सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 11 किलो 237 ग्राम गांजा और 30 किलो 631 ग्राम डोडा चूरा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 7.62 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 50 हजार रुपये नकद, एक ट्रक, एक कार, एक स्कूटी और 10 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर क्राइम ब्रांच तथा तिलवारा, भेड़ाघाट, कटंगी और माढ़ोताल थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर यह कार्रवाई की।
तिलवारा में दो मामलों में 11 किलो से अधिक गांजा जब्त
पहली कार्रवाई में होटल ऑर्बिट के पास पुलिस ने संदिग्ध हालत में मिले ललित कहार को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी सुमित पटैल फरार हो गया। आरोपी के बैग से 6.178 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि गांजा झारसुगुड़ा (ओडिशा) से लाकर फुटकर बिक्री के लिए रखा गया था।
दूसरी कार्रवाई में आईसीएमआर के पास पुलिस ने सचिन सोनी और मानसी निषाद को स्कूटी सहित पकड़ा। इनके कब्जे से 5.059 किलो गांजा बरामद किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गांजा कटनी जिले के हरदुआ क्षेत्र से खरीदकर लाए थे और फुटकर बेचने की तैयारी में थे।
कटंगी में ट्रक से 18 किलो डोडा चूरा बरामद
कटंगी थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक से 18.130 किलो डोडा चूरा बरामद हुआ। ट्रक चालक पंकज साहू, हेल्पर उदयचंद काछी सहित अन्य लोगों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि डोडा चूरा डबरा निवासी अजय रावत ने भेजा था, जिसे जबलपुर के सोनू शर्मा और सोनी ठाकुर तक पहुंचाया जाना था। पुलिस ने ट्रक भी जब्त कर लिया।
भेड़ाघाट में महिला तस्कर के घर से बरामद हुआ डोडा चूरा
कटंगी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने भेड़ाघाट के रॉयल सिटी क्षेत्र में दबिश देकर सोनी ठाकुर को गिरफ्तार किया। उसके घर से 5.870 किलो डोडा चूरा बरामद किया गया। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि यह माल ट्रक चालक पंकज साहू और हेल्पर उदयचंद काछी ने पहुंचाया था।
माढ़ोताल में घर और कार से मिला डोडा चूरा, 50 हजार नकद भी जब्त
क्राइम ब्रांच और माढ़ोताल पुलिस ने शारदा नगर निवासी रंजीत कुमार शर्मा उर्फ सोनू के घर पर छापा मारकर 6.628 किलो डोडा चूरा, बिक्री के 50 हजार रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन तथा एक हुंडई आई-20 कार जब्त की। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि डोडा चूरा डबरा निवासी अजय रावत द्वारा ट्रक के माध्यम से भेजा जाता था, जिसमें से करीब 14 किलो माल वह पहले ही बेच चुका था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
सभी मामलों में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच, साइबर सेल और संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


