– _स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का दिया संदेश-
सिवनी- फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत विश्व साइकिल दिवस 2026 के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सिवनी द्वारा मेजर ध्यानचंद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम में “संडे ऑन साइकिल” रैली का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने तथा ईंधन बचत का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लाल चंदानी के मुख्य आतिथ्य एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा की विशिष्ट उपस्थिति में किया गया। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कर देशभक्ति और एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती मनु धुर्वे ने स्वागत उद्बोधन देते हुए रैली की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित साइकिलिंग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मुख्य अतिथि श्री कृष्ण लाल चंदानी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में युवाओं एवं नागरिकों से नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही एक सशक्त समाज एवं राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला हैं। साइकिल का उपयोग बढ़ाकर हम प्रदूषण को कम करने के साथ-साथ ईंधन की बचत में भी योगदान दे सकते हैं।
रैली में खेल विभाग के अधिकारियों, खिलाड़ियों, युवा स्वयंसेवकों, पुलिस अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने शहर के प्रमुख मार्गों से होकर साइकिल चलाते हुए स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को नियमित रूप से साइकिल चलाने एवं फिट इंडिया अभियान से जुड़ने का संकल्प दिलाया गया। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली, जिससे यह कार्यक्रम जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम साबित हुआ।


