डिंडोरी सी टाइम्स । संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी टीम द्वारा पिछले दो दिनों से लगातार शासन स्तर पर हमारी मांगों को लेकर गंभीर प्रयास किए जा रहे थे। कल एमडी मैडम के साथ लगभग एक घंटे तक विस्तृत चर्चा हुई। आज प्रदेश कार्यकारिणी टीम ने बीएमएस पदाधिकारी कुलदीप गुर्जर के साथ उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला से मुलाकात की।
बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने स्वयं एसीएस एवं एमडी मैडम को बुलाकर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की। चर्चा में निम्न बिंदुओं पर सकारात्मक सहमति बनी—
मेडिकल अवकाश (EL) का प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा जा चुका है और प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाएगी।
एनपीएस एवं स्वास्थ्य बीमा की मांगों पर सहमति व्यक्त की गई है तथा इन्हें एक माह के भीतर पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया है।
हड़ताल अवधि के वेतन के संबंध में सकारात्मक आश्वासन प्राप्त हुआ है।
वेतन विसंगति के विषय पर भी गंभीर चर्चा हुई और समाधान की दिशा में सहमति बनी है।
सीएचओ साथियों के PBI संबंधी विषय पर केंद्र स्तर से मार्गदर्शन प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
इन सभी बिंदुओं पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, एसीएस एवं एमडी मैडम की उपस्थिति में चर्चा हुई तथा शासन स्तर से मांगों के निराकरण के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया है।
साथियों, हमारा आंदोलन कमजोर नहीं पड़ा है, बल्कि हमारी एकजुटता और संघर्ष ने शासन को हमारी बात सुनने के लिए मजबूर किया है। संघर्ष का उद्देश्य केवल धरने पर बैठे रहना नहीं, बल्कि मांगों को समाधान की दिशा तक पहुंचाना होता है। जब शासन स्तर पर लिखित प्रक्रिया प्रारंभ करने और समयबद्ध निराकरण का आश्वासन प्राप्त हुआ है, तब संगठन ने परिपक्वता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया है।
वर्तमान भीषण गर्मी और स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता को देखते हुए यह निर्णय कर्मचारियों और आमजन दोनों के हित में लिया गया है। यह संघर्ष समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि अगले चरण में प्रवेश कर रहा है। यदि निर्धारित समय-सीमा में मांगों पर कार्यवाही नहीं होती है, तो संगठन भविष्य की रणनीति बनाने के लिए पूर्ण रूप से स्वतंत्र रहेगा।
इस प्रकार राज्य कार्यकारणी के निर्देषानुसार डिण्डौरी जिले के समस्त एनएचएम संविदा अधिकारियों /कर्मचारियों ने अपने – अपने मुख्यालय सीएमएचओ कार्यालय, सिविल सर्जन कार्यालय, खण्ड चिकित्सा अधिकारी मुख्यालय तथा स्थानीय मुख्यालयों में हड़ताल स्थगन के पश्चात अपनी उपस्थिति दी
–*——————————————–


