जबलपुर। पुलिस की सतर्कता से कटनी-जबलपुर मार्ग पर अवैध हथियारों की तस्करी का प्रयास विफल हो गया। सिहोरा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर दो युवकों को दो लोडेड पिस्टल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया, जबकि स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा एवं एसडीओपी आदित्य सिंघारिया के मार्गदर्शन में सिहोरा पुलिस को 11 जून की रात सूचना मिली कि काले रंग की स्कॉर्पियो में कुछ युवक अवैध हथियार लेकर कटनी से जबलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर मझौली ब्रिज स्थित एनएच-30 पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जबकि दो युवक मौके पर पकड़ लिए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम 21 वर्षीय निहाल केवट निवासी रामपुर, रामनगर (गोरखपुर) तथा 25 वर्षीय गगन जायसवाल निवासी ग्राम ककरा, थाना बदेरा, जिला मैहर बताए। तलाशी के दौरान दोनों की कमर से एक-एक लोडेड पिस्टल बरामद हुई, जिनमें एक-एक कारतूस लोड था।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों पिस्टल उन्हें बाबू सिंधी निवासी घमापुर ने 2-3 माह पहले दी थीं। उन्होंने 10 जून को अंकित सोनी निवासी अधारताल के साथ स्कॉर्पियो से कटनी स्टेशन जाकर हथियार लेने का प्रयास किया था, लेकिन हथियार नहीं मिलने पर वापस लौट रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और दो कारतूस जब्त कर निहाल केवट, गगन जायसवाल, बाबू सिंधी तथा अंकित सोनी के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट एवं धारा 49 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को के नेतृत्व में उपनिरीक्षक भोला राम ठाकुर, प्रधान आरक्षक गणेश्वर सिंह तथा आरक्षक देवराज, अंकित तिवारी, जयप्रकाश और गोकुल बागरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


