जबलपुर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत 8 माह की बालिका शिवांशी यादव को जन्मजात हृदय रोग से सफलतापूर्वक उबारते हुए आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया। दो सफल हृदय सर्जरी के बाद अब बालिका को स्वस्थ जीवन की नई उम्मीद मिली है।
जिला प्रबंधक राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम श्री सुभाष शुक्ला के अनुसार, मझौली के तिलगवां स्थित एल.पी.आर. रोड निवासी कौशल किशोर यादव की पुत्री शिवांशी गंभीर जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित थी। उसकी पहली हृदय सर्जरी 4 फरवरी 2026 को मुंबई के नारायणा हृदयालय में आयुष्मान भारत योजना के तहत पूरी तरह निःशुल्क कराई गई थी।
चिकित्सकों द्वारा दूसरी सर्जरी की आवश्यकता बताए जाने पर परिजनों ने आवेदन किया, जिस पर आवश्यक अनुशंसा के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी के मार्गदर्शन में जिला नोडल अधिकारी (RBSK) डॉ. अमजद खान एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को पुनः मुंबई रेफर किया। 5 जून 2026 को उसकी दूसरी हृदय सर्जरी भी आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सफलतापूर्वक और निःशुल्क संपन्न हुई।
सफल उपचार के बाद बालिका के परिजनों ने मध्यप्रदेश शासन, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम तथा नारायणा हृदयालय, मुंबई के चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की बदौलत उनकी बेटी को नया जीवन मिला है।


