24 C
Jabalpur
August 29, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिकराष्ट्रीय

देश में पुरुष-महिला लिंगानुपात बढ़कर 929 हुआ ,मुंबई में 57 साल में जून की सबसे गर्म रात दर्ज,वकील को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

देश में पुरुष-महिला लिंगानुपात बढ़कर 929 हुआ

नयी दिल्ली, 13 जून सरकार की विभिन्न योजनाओं और प्रयासों से देश में पुरुष-महिला लिंगानुपात बढ़कर 929 हो गया है।
सरकार की प्रमुख पहल बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बालिकाओं की जीवन रक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने जैसी योजनाओं आदि के कारण यह उपलब्धि संभव हो सकी है।स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर पर जन्म के समय लिंग अनुपात (एसआरबी) 2014-15 में 918 से बढ़कर 2024-25 में 929 हो गया है। यह भेदभावपूर्ण लिंग चयन को रोकने और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने की दिशा में किये गये निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।
बाइस जनवरी 2015 को शुरू की गयी बीबीबीपी योजना, घटते बाल लिंग अनुपात और व्यापक लिंग आधारित भेदभाव के जवाब में शुरू की गयी थी। यह योजना महिला एवं बाल विकास मंत्रालय (एमडब्ल्यूसीडी), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (एमओएचडब्ल्यू) और शिक्षा मंत्रालय (एमओई) की संयुक्त पहल है।पिछले ग्यारह वर्षों में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ (बीबीबीपी) एक लक्षित नीतिगत पहल से आगे बढ़कर देशव्यापी जन-आंदोलन बन गया है, जिसने सरकार, मीडिया, नागरिक समाज और समुदायों सहित विभिन्न हितधारकों को सक्रिय रूप से जोड़ने का कार्य किया है। यह पहल बालिका के जन्म के समय उसकी गरिमा, उसकी सुरक्षा तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा तक उसकी पहुंच के महत्व को रेखांकित करते हुए उसके समग्र विकास के लिए अनुकूल वातावरण के निर्माण को प्रोत्साहित करती है।शिक्षा क्षेत्र में, लड़कियों की स्कूली शिक्षा तक पहुंच बढ़ाने में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।शिक्षा मंत्रालय के एकीकृत जिला शिक्षा सूचना प्रणाली (यूडीआईएसई) के आंकड़ों के अनुसार, माध्यमिक स्तर पर लड़कियों का नामांकन 2014-15 में 75.51 प्रतिशत से बढ़कर 2024-25 में 80.2 प्रतिशत हो गया है, जो बेहतर नामांकन दर और आगे की पढ़ाई जारी रखने की दर को दर्शाता है।

मुंबई में 57 साल में जून की सबसे गर्म रात दर्ज

मुंबई, 13 जून (वार्ता) महाराष्ट्र के मुंबई में 12 जून को 57 साल में जून की सबसे गर्म रात दर्ज की गई, जब पूरे शहर में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया।मौसम विभाग ने शनिवार को जानकारी दी।कोलाबा वेधशाला में न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सांताक्रूज़ में 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, दोनों केन्द्रों ने लगातार चौथे दिन तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ज़्यादा बताया।अधिकारियों ने इस असामान्य गर्मी की वजह दक्षिण कोंकण में रुके हुए मॉनसून की लहर और कमज़ोर पश्चिमी हवाओं को बताया, जिससे आर्द्रता का स्तर ज़्यादा रहा और रातें बहुत ज़्यादा गर्म रहीं।
नगर निगम के जारी कार्यक्रम के मुताबिक, जून और सितंबर के बीच मुंबई में 4.5 मीटर से ज़्यादा ऊँची कई बार ऊँची लहरें आएंगी। इस सीज़न की सबसे ऊँची लहर 16 जुलाई को आने की उम्मीद है, जब समुद्र का स्तर 4.89 मीटर तक पहुँचने का अनुमान है।वेबसाइट के मुताबिक शहर में जून में कई बड़ी ऊँची लहरें आ सकती हैं, खासकर 14 से 19 जून के बीच जब लहरों का लेवल 4.64 मीटर से 4.87 मीटर के बीच रहने की उम्मीद है। आगामी 13 से 18 जुलाई के बीच एक और बड़ी लहर आने का अनुमान है, जिसमें समुद्र का लेवल 4.89 मीटर तक बढ़ने की उम्मीद है।

वकील को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायसेन, 13 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश में रायसेन शहर के एक अधिवक्ता को विदेशी नंबर से जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार अधिवक्ता मुकेश शाक्या को फिलीपींस कंट्री कोड वाले एक व्हाट्सएप नंबर से कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को हर्ष बताते हुए कहा कि उसे अधिवक्ता की हत्या की सुपारी मिली है और 1.25 लाख रुपये देने पर मामला समाप्त कर दिया जाएगा।आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से बैंक खाते की जानकारी तथा पासबुक का छायाचित्र भी भेजा था। शिपुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच में यहसामने आया कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए विदेशी नंबर का उपयोग किया था।थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और उसे जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कटनी निवासी अभिषेक के रूप में हुई है।

 

अन्य ख़बरें

जबलपुर रेल मंडल के चितहरा में रेल लाइन पर कई फुट पानी भरा

Newsdesk

अखिलेश यादव पर मंत्री सुरेश खन्ना का पलटवार, बोले- अपने कार्यकाल की कानून-व्यवस्था याद करें

Newsdesk

पमरे खेलकूद संघ द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल महोत्सव का आयोजन

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading