आदिवासियों की सिंचित बगिया पर चला बुल्डोजर, कांग्रेस ने साधा निशाना_
अमरकंटक/ आदिवासियों के झोपड़ों एवं उनके द्वारा वर्षों से सिंचित किए गए वृक्षों पर बुल्डोजर चलाए जाने की घटना को लेकर क्षेत्र की राजनीति गर्मा गई है। इस मामले में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव श्रीधर शर्मा ने सत्तारूढ़ दल के आदिवासी जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम पर तीखा हमला बोला है।
श्रीधर शर्मा ने बयान जारी करते हुए कहा कि आदिवासियों के आशियाने और उनके परिश्रम से तैयार की गई बगिया पर जिस प्रकार बुल्डोजर चलाया गया, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और संवेदनहीन कार्रवाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम इस पूरे मामले में आदिवासियों के पक्ष में मुखर होकर सामने नहीं आए, जिससे यह सवाल खड़ा होता है कि क्या अब उन्हें आदिवासी हितों से कोई सरोकार नहीं रह गया है?
उन्होंने कहा कि आदिवासी परिवारों ने वर्षों की मेहनत से वृक्षों को सींचकर बगिया तैयार की थी, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई के नाम पर उनकी मेहनत और आशियाने को उजाड़ दिया गया। श्रीधर शर्मा ने इस घटना को आदिवासी समाज के सम्मान और अधिकारों पर चोट बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल पद संभालना नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बनना भी है।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि वे सदैव आदिवासी हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता से आवाज उठाते रहे हैं और भविष्य में भी आदिवासियों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को उचित न्याय एवं राहत प्रदान की जाए।


