अनूपपुर। साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस द्वारा 18 जून को रेलवे महाप्रबंधक कार्यालय के सभागार में प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी (पीसीपीओ) आदित्य कुमार के स्थानांतरण पर विदाई सम्मान समारोह तथा नवपदस्थ प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी डॉ. दर्शनीयता बी. अहुलवालिया के स्वागत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए पीसीपीओ आदित्य कुमार ने कहा कि साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे, बिलासपुर जोन में उनका कार्यकाल अत्यंत सफल एवं संतोषजनक रहा। कार्मिक विभाग द्वारा नागपुर, रायपुर एवं बिलासपुर मंडलों में रेल कर्मचारियों के कल्याण, पदोन्नति, वेतन एवं सेवा संबंधी अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए, जिनमें रेलवे मजदूर कांग्रेस, बिलासपुर का सकारात्मक सहयोग उल्लेखनीय रहा। उन्होंने मजदूर कांग्रेस के जोनल अध्यक्ष डी.के. स्वाइन एवं महामंत्री पीतांबर लक्ष्मीनारायण सहित समस्त पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।रेलवे मजदूर कांग्रेस के जोनल कार्यकारी अध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी लक्ष्मण तथा जोनल प्रवक्ता गोपी राव ने बताया कि महामंत्री पीतांबर लक्ष्मीनारायण के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में कर्मचारियों और अधिकारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।नवपदस्थ पीसीपीओ डॉ. दर्शनीयता बी. अहुलवालिया ने अपने संबोधन में कहा कि बिलासपुर जोन से उनका पुराना संबंध रहा है तथा वे जोन के तीनों मंडलों में कार्य कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मजदूर कांग्रेस अनुशासित तरीके से कर्मचारियों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखकर उनके समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है, जो सराहनीय है।
समारोह को संबोधित करते हुए मजदूर कांग्रेस के महामंत्री पीतांबर लक्ष्मीनारायण ने कहा कि आदित्य कुमार के कार्यकाल में रेल कर्मचारी हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उनका सरल, सहज और संवेदनशील व्यक्तित्व तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण सदैव याद किया जाएगा। वहीं डॉ. अहुलवालिया का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी प्रशासनिक क्षमता और अनुभव का लाभ निश्चित रूप से बिलासपुर जोन को मिलेगा।
समारोह में जोनल अध्यक्ष डी.के. स्वाइन, महामंत्री पीतांबर लक्ष्मीनारायण तथा रायपुर मंडल समन्वयक बी.डी. प्रसाद ने आदित्य कुमार एवं डॉ. अहुलवालिया को शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय कोषाध्यक्ष सांई किरण, उपाध्यक्ष भीमराव बोदलकर, केंद्रीय पदाधिकारी एवं बिलासपुर शाखा के पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह का संचालन अर्बन बैंक डायरेक्टर आर.के. यादव ने किया।


