जबलपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित समीक्षा टाउन में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। भवन निर्माण सामग्री से भरा एक हाईवा अनलोडिंग के दौरान अचानक असंतुलित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में सड़क किनारे खड़ी चार कारें आ गईं। हादसे में सभी कारों को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। अनलोडिंग के दौरान बिगड़ा संतुलन ,जानकारी के अनुसार समीक्षा टाउन स्थित एक मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। देर रात एम-सैंड से लदा हाईवा निर्माण सामग्री उतारने पहुंचा। अनलोडिंग के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और हाईवा बगल में खड़ी कारों पर पलट गया। घटना देर रात होने के कारण आसपास के लोग अपने घरों में थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। सुबह सामने आया नुकसान, लोगों में आक्रोश
सुबह जब स्थानीय निवासी घरों से बाहर निकले तो कारों पर पलटा हाईवा देखकर हैरान रह गए। चारों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने नाराजगी जताते हुए कॉलोनी में भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल उठाए और हंगामा किया।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। सड़क पर जाम की स्थिति बनने पर क्रेन की मदद से हाईवा और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका ,स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनी में देर रात तक भारी वाहनों का प्रवेश लगातार हो रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि यदि यह हादसा दिन में होता तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


