कान्हीवाड़ा थाना अंतर्गत मेहरा पिपरिया बीट में खुलेआम बिक रही देसी शराब, कार्रवाई की मांग_
कान्हीवाड़ा- थाना क्षेत्र की मेहरा पिपरिया बीट में अवैध देसी शराब की बिक्री को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बीट प्रभारी सत्या इनवाती के संरक्षण में शराब कारोबारी सक्रिय हैं और क्षेत्र के कई गांवों में खुलेआम देसी शराब बेची जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार अलीनगर, जावना, भटेखारी, मेहरा पिपरिया सहित बीट के अन्य गांवों में भी अवैध शराब का कारोबार जारी है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ती शराबखोरी सामाजिक और आपराधिक घटनाओं को बढ़ावा दे रही है। ग्रामीणों ने विगत दिनों हुए लूंगसा हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि उस घटना में भी शराब एक प्रमुख वजह बताई गई थी।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन एवं आबकारी विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।


