पानी की तलाश में बीतता था दिन, अब हर घर में बह रही है खुशहाली की धारा
बालाघाट जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र में स्थित ग्राम कनारी, ग्राम पंचायत फतेहपुर माल, विकासखंड परसवाड़ा का नाम आज ग्रामीण विकास और जल प्रबंधन की एक प्रेरणादायक मिसाल के रूप में लिया जा रहा है। जिला मुख्यालय से लगभग 83 किलोमीटर दूर स्थित यह गांव कभी पेयजल संकट की गंभीर समस्या से जूझ रहा था। ग्रामीणों का जीवन पानी की तलाश और उसकी व्यवस्था में ही बीत जाता था।
ग्राम के अधिकांश परिवार कृषि एवं मजदूरी पर निर्भर हैं। वर्षों तक यहां की महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को पेयजल के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ता था। गांव में पर्याप्त जल स्रोत उपलब्ध नहीं होने के कारण लोग कुओं, हैंडपम्पों और मौसमी जल स्रोतों पर निर्भर थे। प्रतिदिन कई किलोमीटर दूर से पानी लाना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया था। गर्मी के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी।
पानी की कमी का सीधा प्रभाव ग्रामीणों के स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका पर पड़ रहा था। बच्चों को पढ़ाई छोड़कर पानी लाने में परिवार का सहयोग करना पड़ता था, वहीं दूषित जल के उपयोग से जलजनित बीमारियां भी फैलती थीं। समय, श्रम और संसाधनों की इस निरंतर बर्बादी ने ग्रामीण जीवन को कठिन बना दिया था। ऐसे समय में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन ग्राम कनारी के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, बालाघाट द्वारा गांव में 20.38 लाख रुपये की लागत से नल-जल प्रदाय योजना का कार्य 11 सितम्बर 2023 को प्रारंभ किया गया। योजना के अंतर्गत आवश्यक जल संरचनाओं का निर्माण किया गया तथा 54 घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किए गए, जिससे प्रत्येक परिवार को घर पर ही स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होने लगा। योजना के पूर्ण होने के बाद ग्राम कनारी में एक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला। अब ग्रामीणों को पानी के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती। घर-घर नल से जल पहुंचने के कारण महिलाओं का समय और श्रम दोनों बच रहे हैं। वे अब अपने परिवार, बच्चों की देखभाल तथा अन्य उत्पादक कार्यों में अधिक समय दे पा रही हैं।
बच्चों के जीवन में भी बड़ा बदलाव आया है। पहले जहां उन्हें पानी लाने में समय देना पड़ता था, वहीं अब वे नियमित रूप से विद्यालय जा रहे हैं और अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से गांव में जलजनित बीमारियों में कमी आई है तथा लोगों के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है। आज ग्राम कनारी के लोगों के चेहरों पर संतोष और आत्मविश्वास स्पष्ट दिखाई देता है। जल जीवन मिशन ने केवल पानी की समस्या का समाधान नहीं किया, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने, स्वास्थ्य सुधारने और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी प्रदान किया है। यह योजना ग्रामीण विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में एक सफल एवं अनुकरणीय उदाहरण बन चुकी है।
ग्रामवासी इस परिवर्तन को अपने जीवन का ऐतिहासिक क्षण मानते हैं। वे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, बालाघाट के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं, जिनके प्रयासों से उनके घरों तक स्वच्छ पेयजल की सुविधा पहुंच सकी।


