जबलपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संस्कारधानी जबलपुर के पावन ग्वारीघाट में एनसीसी ग्रुप मुख्यालय जबलपुर द्वारा भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्रिगेडियर रितेश बहल, ग्रुप कमांडर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय जबलपुर तथा कर्नल कीर्ति शिंत्रे, कमांडिंग ऑफिसर, 1 एमपी आर्टी रेजीमेंट के निर्देशन में संपन्न हुआ।
योग दिवस कार्यक्रम में 1700 से अधिक एनसीसी कैडेटों, 15 एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स (एएनओ) तथा 16 परमानेंट इंस्ट्रक्टर्स (पीआई स्टाफ) ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और जागरूकता का परिचय दिया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, अनुशासन की भावना विकसित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के माध्यम से योग के मूल सिद्धांतों और भारतीय परंपरा में उसके महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि यदि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए तो अनेक शारीरिक और मानसिक समस्याओं से बचा जा सकता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम के समापन पर कैडेटों को नियमित रूप से योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।


