जबलपुर। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार द्वारा आज विभागीय प्रमुखों की एक
समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में शहर में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने सभी विभागीय प्रमुखों को अपने-अपने विभागों से संबंधित निर्माण एवं विकास कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त श्री अहिरवार ने सर्वप्रथम लोककर्म विभाग की समीक्षा करते हुए शहर के अधोसंरचना विकास, सड़क सुदृढ़ीकरण एवं अन्य निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने गुणवत्ता से समझौता किए बिना लंबित कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आगामी समय की आवश्यकताओं को देखते हुए निर्बाध एवं शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु कार्ययोजना की समीक्षा की गई। अमृत मिशन व अन्य योजनाओं के तहत जारी कार्यों को गति देने को कहा गया।
निगमायुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, कचरा संग्रहण को प्रभावी करने तथा संक्रामक बीमारियों की रोकथाम हेतु फॉगिंग व एंटी-लार्वा छिड़काव निरंतर जारी रखने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए गए। निगमायुक्त ने शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्ट्रीट वेंडर्स को समय पर ऋण स्वीकृति और वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक सूक्ष्म उद्यमियों को लाभान्वित कर निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त किया जा सके।
निगमायुक्त श्री अहिरवार ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि धरातलीय निरीक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। विकास कार्यों के क्रियान्वयन के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को परस्पर समन्वय के साथ टीम भावना से कार्य करते हुए शासन की मंशानुसार निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल करने निर्देशित किया। बैठक में अपर आयुक्त, अधीक्षण यंत्री,कार्यपालन यंत्री, स्वास्थ्य अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


