जबलपुर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शहपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो युवकों को एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय द्वारा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध हथियारों तथा मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों की पतासाजी कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी निर्देश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनीवाल और एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर के मार्गदर्शन में शहपुरा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी शहपुरा प्रवीण धुर्वे ने बताया कि 22 जून को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक स्कूटी से अवैध फायर आर्म्स लेकर पाटन की ओर से शहपुरा की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पाटन-शहपुरा बाईपास ओवरब्रिज के पास योजनाबद्ध तरीके से नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद सफेद रंग की स्कूटी पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखकर दोनों युवक तेजी से भागने लगे। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में स्कूटी चालक ने अपना नाम गोल्डी उर्फ कृष्णा धवलपुरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी कैथरा शहपुरा बताया। वहीं पीछे बैठे युवक ने अपना नाम लल्ला उर्फ आर्यन चक्रवर्ती, उम्र 19 वर्ष, निवासी शहपुरा भिटौनी बताया।
तलाशी के दौरान गोल्डी उर्फ कृष्णा की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जबकि लल्ला उर्फ आर्यन के पास से एक देशी कट्टा मिला। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और स्कूटी जब्त कर ली है।
शहपुरा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार कहां से लेकर आए थे और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।


