जबलपुर पुलिस ने अपराधियों, वारंटियों, अवैध शराब कारोबार, जुआ-सट्टा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पिछले 24 घंटे में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले भर में अभियान चलाकर कई आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की गई, वहीं फरार वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय द्वारा सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को जुआ-सट्टा खिलाने वालों, अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार, अवैध शराब के कारोबार में लिप्त आरोपियों तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने वालों को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही चोरी, नकबजनी, मारपीट और अन्य आपराधिक प्रकरणों में लंबित वारंटों की तामीली के लिए भी सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर चेकिंग प्वाइंट लगाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनीवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी के मार्गदर्शन में की जा रही है।
पिछले 24 घंटे में आदतन अपराध करने वाले 6 आरोपियों के खिलाफ धारा 129 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। वहीं वाद-विवाद करने वाले 78 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 126/135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा 10 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने फरार 35 वारंटियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 70 जमानती वारंटों की तामीली की गई। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त 14 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 66 पाव देशी और अंग्रेजी शराब के साथ 34 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई।
इसी तरह जुआ और सट्टा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 जुआरियों को जुआ खेलते और 12 सटोरियों को सट्टा लिखते रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से कुल 8 हजार 445 रुपये जब्त किए गए हैं।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 97 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 40 हजार 800 रुपये समन शुल्क वसूला गया।
जबलपुर पुलिस का कहना है कि अपराधों पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।


