35.1 C
Jabalpur
June 24, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

खबर पांच

कांग्रेस जनता को गुमराह करना बंद करे : रामेश्वर शर्मा

 भोपाल, 24 जून (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी के विधायक रामेश्वर शर्मा ने उज्जैन भूमि प्रकरण को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करना बंद करे।श्री शर्मा ने आज बुधवार को भोपाल में कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जो ब्यौरा दिया था, उसमें एक इंच भूमि की भी वृद्धि नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का निशाना सनातन पर है और वह विकास कार्यों को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा कर रही है।उन्होंने कहा कि उज्जैन हिंदुओं का प्रमुख धार्मिक क्षेत्र है और मुख्यमंत्री डॉ. यादव वहां के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। आगामी कुंभ आयोजन को लेकर तैयारियां चल रही हैं, जिससे कांग्रेस परेशान है।भाजपा विधायक ने कहा कि महाकुंभ जैसे धार्मिक आयोजन की तैयारियों पर कांग्रेस सवाल उठा रही है, जबकि अन्य धार्मिक आयोजनों पर होने वाले खर्च को लेकर उसे कोई आपत्ति नहीं होती। श्री शर्मा ने कहा कि उज्जैन के विकास और महाकुंभ की तैयारियों को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है तथा कांग्रेस के आरोप तथ्यहीन हैं।

मध्यप्रदेश में मानसून का प्रवेश, अनेक जिलों में वर्षा और आंधी का अलर्ट

 भोपाल, 24 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आज बुधवार को प्रवेश कर लिया। मौसम विभाग के अनुसार मानसून बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी जिलों के रास्ते प्रदेश में पहुंचा है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मानसून सामान्य तिथि 15 जून की तुलना में लगभग नौ दिन विलंब से प्रदेश में पहुंचा है। अगले तीन से चार दिनों में इसके प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में फैलने की संभावना है।मानसून के प्रवेश के साथ ही मौसम विभाग ने प्रदेश के 42 जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और वर्षा का अलर्ट जारी किया है। हरदा, बैतूल, खंडवा, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बुरहानपुर सहित अनेक जिलों में वर्षा की संभावना जताई गई है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, देवास, सीहोर, शाजापुर, धार, खरगोन, नर्मदापुरम, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, सिवनी, रीवा, मऊगंज और सिंगरौली सहित कई जिलों में भी आंधी और वर्षा का दौर रहने का अनुमान है।पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 39 जिलों में वर्षा और तेज हवाएं दर्ज की गईं। बालाघाट में ओलावृष्टि भी हुई। बालाघाट में सर्वाधिक सवा इंच तथा रायसेन में लगभग पौन इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार एक जून से अब तक प्रदेश में औसतन 78.5 मिमी वर्षा होना चाहिए थी, जबकि केवल 37.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 53 प्रतिशत कम है। कम वर्षा के कारण सोयाबीन सहित खरीफ फसलों की बोवनी प्रभावित हुई है।वर्षा और बादल छाए रहने के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पचमढ़ी में न्यूनतम अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि दतिया और सीधी में सर्वाधिक 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने नागरिकों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

उज्जैन जमीन घोटाले में श्वेत पत्र जारी कर मामले की न्यायिक जांच कराए सरकार : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 24 जून (वार्ता) कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनके परिवार पर उज्जैन में जमीन खरीद में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए इस पूरे मामले में श्वेत पत्र जारी कर प्रकरण की न्यायिक जांच कराने की मांग की है।कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा तथा मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद श्री यादव के परिवार जो जमीन खरीदी है उसकी बुनियाद में विकास परियोजना खाका का तैयार करने का आरोप लगाया जा रहा है। पार्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री तथा उनके परिवार की सदस्यों द्वारा खरीदी गई जमीनों और बाद में घोषित विकास परियोजनाओं के बीच संबंधों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

गलती से पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में घुसा एयर इंडिया का विमान

 नयी दिल्ली, 24 जून (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया का एक विमान सोमवार रात गलती से पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गया, हालांकि इसका एहसास होते ही वह तुरंत वापस भारतीय सीमा में लौट आया।एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर बताया कि 22 जून को उड़ान संख्या एआई-479 दिल्ली से अमृतसर पहुंची थी। उतरने से पहले आसपास के क्षेत्र में चक्कर लगाने के क्रम में विमान कुछ देर के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गया।
सूत्रों ने बताया कि उस समय अमृतसर हवाई अड्डे पर काफी ट्रैफिक था, इसलिए उतरने के लिए इंतजार कर रही सभी उड़ानों से ‘होल्ड करने’ के लिए कहा गया था। ऐसी स्थिति में विमान आसपास के इलाके में ही चक्कर लगाते हैं। चालक दल के सदस्यों को पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में चले जाने का जब पता चला तो उन्होंने विमान को वापस भारतीय सीमा की तरफ मोड़ लिया। उन्होंने कहा कि अमृतसर हवाई अड्डा पाकिस्तानी सीमा के काफी करीब है, और कई बार गलती से ऐसा हो जाता है।प्रवक्ता ने बताया कि घटना की जानकारी नियामक एजेंसियों को दे दी गयी है। साथ मामले की आंतरिक जांच भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया के लिए यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है।

भीलवाड़ा में भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को निकाली जायेगी

भीलवाड़ा, 24 जून (वार्ता) राजस्थान में अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) भीलवाड़ा के तत्वावधान में भगवान श्री जगन्नाथ, बलराम एवं सुभद्रा महारानी की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को निकाली जाएगी।धार्मिक आस्था और भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और इसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजकों ने बुधवार को बताया कि रथयात्रा का शुभारंभ अपराह्न चार बजे श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से होगा। रथयात्रा से पूर्व पाहंडी विजय, रथारूढ़ उत्सव, महाभोग एवं महाआरती जैसे धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद सायं सवा पांच बजे भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा प्रारंभ होगी।
रथयात्रा श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से रवाना होकर मुरली विलास रोड, रेलवे स्टेशन चौराहा, गोल प्याऊ चौराहा, बालाजी मार्केट, सूचना केंद्र चौराहा, मंगलम बैक्स, दिल्ली स्वीट्स, महावीर पार्क, गर्ल्स कॉलेज रोड, गुरुद्वारा साहब रोड, बडला चौराहा, आई-हॉप सर्किल एवं एनसीसी रोड होते हुए शास्त्री नगर स्थित अग्रसेन भवन पहुंचेगी।आयोजन समिति ने बताया कि यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा महारानी सुसज्जित रथों में विराजमान रहेंगे। भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन, नृत्य और धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा और स्वागत की भी तैयारियां की जा रही हैं। रात्रि नौ बजे रथयात्रा का समापन अग्रसेन भवन, शास्त्री नगर में होगा।

अन्य ख़बरें

रांझी में तेज रफ्तार पिकअप ने एक्टिवा को मारी टक्कर, चालक घायल

Newsdesk

कोलकाता : तारातला में निर्माणाधीन गोदाम की छत ढही, कई मजदूर मलबे में फंसे

Newsdesk

रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर जबलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जनसभा को किया संबोधित

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading