राजनगर, अनूपपुर। कोयले की खदानों के लिए पहचान रखने वाली कोयलांचल नगरी राजनगर को एक नया गौरव मिला है। अनूपपुर जिले के राजनगर निवासी अश्विनी कुमार सिंह ने 70वीं बीपीएससी (BPSC) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे नगर और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि को लोग “कोयले की खान से निकला हीरा” बताकर गर्व महसूस कर रहे हैं। अश्विनी कुमार सिंह की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों और छोटे नगर से निकलकर भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है। कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और निरंतर अध्ययन के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही राजनगर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया।
जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने अश्विनी को बधाई देना शुरू कर दिया। नगर के लोगों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर की और इसे राजनगर के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। युवाओं ने उनकी सफलता को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि अश्विनी ने मेहनत और लगन की मिसाल पेश की है। अश्विनी कुमार सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और परिवार के सहयोग ने उन्हें यह सफलता दिलाई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ समाज एवं देश की सेवा करना चाहते हैं। राजनगर जैसे कोयलांचल क्षेत्र से निकलकर बीपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि लक्ष्य बड़ा हो और प्रयास निरंतर हों तो सफलता अवश्य मिलती है। इस उपलब्धि पर नगर परिषद राजनगर के अध्यक्ष यशवंत सिंह, उपाध्यक्ष धनंजय सिंह, पार्षद समय पटेल, मनोज चंदेल, गिरिजा विश्वकर्मा, बृजेश कुशवाहा, जितेन्द्र पनिका, राणा धीरेंद्र सिंह, रवि शंकर सिंह, सुरेश गौतम, हरिशंकर दुबे, जे.पी. श्रीवास्तव एवं कमलेश चतुर्वेदी सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने अश्विनी कुमार सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


