जबलपुर। सगड़ा की आयुषीधरा कॉलोनी में गुरूवार की रात एक व्यक्ति के घर के सामने जोर-जोर से आवाज आई… निकल राधेश्याम झारिया और बम फटने की तेज आवाज आई। गृहस्वामी ने हिम्मत जुटाकर बाहर आकर देखा तो स्कूटी में तीन युवक भागते नजर आए। बाहर का नजरा कुछ और ही था, जहां बाहर खड़ी लग्जरी कार सहित पड़ोसी की कार के कांच तोड़ दिए गए थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
तिलवारा पुलिस ने बताया कि आयुषीधरा कॉलोनी निवासी राधेश्याम झारिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 जून के रात लगभग 10.30 बजे अपने घर पर था। घर के बाहर किसी के गाली बकने की आवाज आई, जो कह रहा था कि निकल राधेश्याम झारिया। वह घर से बाहर निकल ही रहा था, तभी बहुत तेज धमाके एवं कांच टूटने की आवाज आई। बाहर निकल कर देखा तीन लोग सफेद एक्सेस स्कूटी में कालोनी के गेट तरफ उसे जान से मारने की धमकी देते हुये रोड तरफ भाग गये। उसके घर के बाहर सुतलियां एवं कागज के टुकडे बिखरे पडे थे। बाहर खडी उसकी थार कार क्रमांक एमपी 20 एक्सबी 6062 का सामने का व साईड के दोनों तरफ के कांच टूटे हुये थे।
थार गाडी के अन्दर दो ईंट पडी थी। उसके पडोसी मालाकार के घर के कांच और उनकी कार क्रमांक एमपी 20 सीए 9371 के बगल एवं पीछे के कांच टूटे हुये थे। मालाकार के घर दीवार पर बने निशान को देखकर ऐसा लगता है कि उन लडकों ने गोली भी चलाई हो। तीन अज्ञात लडके जो सफेद रंग की एक्सेस स्कूटी से आये थे। उनके द्वारा उसके घर पर बम पटके है, जिससे उसका जीवन पर संकट उत्पन्न हो सकता था। उसकी व पडोसी की कार मे ईंट पत्थरों से तोडफोड कर उसे जान से मारने की धमकी देकर भाग गये है।


