बालाघाट। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश सचिव जुगल शर्मा ने मध्य प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यदि महिलाओं के लिए अलग शराब दुकानें खोलने जैसी कोई नीति लागू की जाती है, तो यह प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ होगा। सरकार को महिलाओं के लिए रोजगार, शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य की व्यवस्था करनी चाहिए, न कि शराब की अलग व्यवस्था।
जुगल शर्मा ने कहा कि एक ओर सरकार नशामुक्त समाज की बात करती है, दूसरी ओर महिलाओं के नाम पर शराब बिक्री बढ़ाने की दिशा में कदम उठाना गंभीर विरोधाभास है। इससे परिवारों पर सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की होनी चाहिए, न कि ऐसी योजनाओं की जिनसे समाज में गलत संदेश जाए। यदि ऐसी किसी नीति को लागू करने का प्रयास किया गया, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक इसका लोकतांत्रिक विरोध करेगी।जुगल शर्मा ने सरकार से मांग की कि—
महिलाओं के लिए अलग शराब दुकान खोलने जैसी किसी भी योजना को तत्काल वापस लिया जाए।
महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार और शिक्षा पर विशेष बजट बढ़ाया जाए।
प्रदेश में नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाया जाए, न कि शराब बिक्री को प्रोत्साहन दिया जाए।


