जबलपुर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गढ़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन से 150 पाव देसी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को पकड़ा है, जबकि मामले में शराब दुकान के मैनेजर की भूमिका भी सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय द्वारा जिले में पदस्थ सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों और शराब के कारोबार में लिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी आदेश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 सुश्री पल्लवी शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन के मार्गदर्शन में गढ़ा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी गढ़ा प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि 30 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक एमपी 20 टीए 1063 में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मेडिकल कॉलेज के कैंसर विभाग के सामने मुख्य मार्ग पर दबिश दी।
पुलिस ने मौके पर सफेद रंग की बोलेरो को रोका, जिसमें काली फिल्म लगी हुई थी। वाहन में बैठे दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर बोलेरो चालक ने अपना नाम अमित मेश्राम, उम्र 32 वर्ष, निवासी शांतिनगर परसवाड़ा संजीवनी नगर बताया। दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम गोपाल गुप्ता, उम्र 25 वर्ष, निवासी भैरव बाबा मंदिर के पास शास्त्रीनगर तिलवारा बताया।
तलाशी के दौरान बोलेरो चालक के बगल वाली सीट के पास रखे 3 कार्टूनों में कुल 150 पाव देसी शराब मिली। शराब के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि वे यह शराब धनवंतरी नगर शराब दुकान से लेकर शास्त्रीनगर निवासी टोनी के यहां देने जा रहे थे।
आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि उक्त शराब धनवंतरी नगर शराब दुकान के मैनेजर विवेक सिंह द्वारा भेजी गई थी। पुलिस ने 150 पाव देसी शराब और शराब परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है।
गढ़ा पुलिस ने आरोपी अमित मेश्राम, गोपाल गुप्ता और विवेक सिंह के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट तथा धारा 49 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और शराब के स्रोत तथा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।


