जबलपुर के तिलवारा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो कारों से आए आरोपियों ने स्कूटी सवार युवकों का रास्ता रोका, मारपीट की और एक युवक को जबरन कार में बैठाकर ले गए। घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार 2 जुलाई की रात घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए जाने की सूचना पर तिलवारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मोहम्मद कामरान अली, उम्र 24 वर्ष, निवासी नया मोहल्ला ओमती ने घटना की जानकारी दी।
कामरान ने बताया कि वह अपने साथी राहुल शर्मा के साथ रात करीब 1:30 बजे स्कूटी से तिलवारा स्थित शेर-ए-पंजाब ढाबा खाना खाने गया था। खाना खाने के बाद रात करीब 2:30 बजे दोनों वापस घर लौट रहे थे।
रिपोर्ट के अनुसार जैसे ही दोनों तिलवारा पुल के ऊपर पहुंचे, तभी पीछे से दो कारें आईं और स्कूटी के सामने कार लगाकर उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि कारों से अमन कोल, बहत्तर सिंह, निक्की और उनके साथी उतरे और गाली-गलौज करते हुए दोनों युवकों से मारपीट शुरू कर दी।
कामरान के अनुसार अमन कोल ने चाकू से हमला कर राहुल शर्मा को कान के पास चोट पहुंचाई। जब कामरान बीच-बचाव करने लगा, तो आरोपी ने उसके पेट की ओर चाकू से वार किया। कामरान के घूम जाने से चाकू उसकी पीठ में लगा और उसे चोट आई।
इसी दौरान राहुल शर्मा मौके से भाग निकला। आरोप है कि इसके बाद अमन कोल और उसके साथियों ने कामरान को जबरन कार में बैठा लिया और रांझी-खमरिया की ओर ले गए। कार के अंदर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हाथ-मुक्कों, डंडे और चाकू से हमला कर कामरान की पीठ, कमर, चेहरे और दोनों पैरों में चोटें पहुंचाईं।
आरोपियों ने बाद में घायल कामरान को रांझी अस्पताल के पास छोड़ दिया। इसके बाद उसने घटना की जानकारी अपने भाई अमान खान और मोहम्मद अरमान अली को दी। परिजन उसे रांझी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
पीड़ित का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते अमन कोल, बहत्तर सिंह, निक्की और उनके साथियों ने उस पर और उसके दोस्त राहुल शर्मा पर जानलेवा हमला किया।
रिपोर्ट के आधार पर तिलवारा पुलिस ने धारा 296(ए), 126(2), 115(2), 118(1), 140(3), 109(1) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।


