July 12, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

लव मैरिज के बाद परिवार का सामाजिक बहिष्कार, चार साल से न्याय की तलाश में भटक रहा परिवार

पूर्व सैनिक ने दी आत्मदाह की चेतावनी, बोले– कार्रवाई नहीं हुई तो कलेक्टर कार्यालय के सामने उठाऊंगा कठोर कदम_
कुरई- जिले के कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहगांव की झिरियाटोला से सामाजिक बहिष्कार का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बेटी द्वारा अपनी पसंद से विवाह (लव मैरिज) करने के बाद आदिवासी समाज के कुछ लोगों ने पूरे परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि पिछले चार वर्षों से वह न्याय की उम्मीद में पुलिस और प्रशासन के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित रायसिंह मार्सकोले, जो पूर्व में सुरक्षा बल में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, का आरोप है कि उनकी बेटी ने अपनी इच्छा से विवाह किया था। इसके बाद समाज के कुछ लोगों ने उन्हें और उनके पूरे परिवार को समाज से अलग कर दिया। उनका कहना है कि सामाजिक बहिष्कार के कारण परिवार को मानसिक, सामाजिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रायसिंह मार्सकोले ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कई बार कुरई थाना एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायतें दीं, लेकिन आज तक किसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल पाया, जिससे उनका कानून और प्रशासन पर से विश्वास उठने लगा है।
पीड़ित ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई, तो वह अपने परिवार सहित कलेक्टर कार्यालय के सामने आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
यह मामला एक बार फिर सामाजिक कुरीतियों और सामाजिक बहिष्कार जैसी प्रथाओं पर सवाल खड़े करता है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल व्यक्तिगत स्वतंत्रता बल्कि कानून द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों का भी गंभीर उल्लंघन माना जाएगा।

अन्य ख़बरें

शासकीय जमीन पर बड़ा सवाल: लीज की भूमि पर एनएचआई कैसे बना ‘भूमि स्वामी’? ग्राम पंचायत ने कलेक्टर से मांगी जमीन वापसी

Newsdesk

जबलपुर पंजा कुश्ती संघ की जिला इकाई का गठन, हर्षित यादव बने अध्यक्ष और मो. नईम सचिव

Newsdesk

केंद्रीय रेलवे अस्पताल में सेवानिवृत्त रेल अधिकारियों के लिए मेगा हेल्थ चेकअप शिविर आयोजित

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading