जबलपुर। रानीताल स्थित शराब दुकान के बाहर से कार चोरी करने वाले शातिर आरोपी को लार्डगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहता है।
लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि संजय जैन की कार चोरी होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने शहर में प्वाइंट अलर्ट जारी किया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान कार विजयनगर क्षेत्र में जाती हुई दिखाई दी।
इसके बाद एएसआई राजेश वर्मा और उनकी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार का पीछा किया और आरोपी को वाहन सहित दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान उजारपुरवा निवासी समीर डुमार के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि समीर डुमार आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ चोरी सहित कई संगीन मामलों में दर्जनों प्रकरण दर्ज हैं तथा उसके विरुद्ध तीन गिरफ्तारी वारंट भी लंबित थे। आरोपी पहले भी गोराबाजार क्षेत्र से एक स्कूटर चोरी कर चुका है। पुलिस उससे अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।


