सिवनी- जिले के डूंडा सिवनी थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। प्रेम संबंध के शक में एक युवक को खेत में ले जाकर निर्वस्त्र कर बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने युवक के शरीर पर गंभीर चोटें पहुंचाने के बाद उसके जख्मों में नमक और मिर्च भी रगड़ दी। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया गया, जिसके सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार यह घटना 11-12 जून की बताई जा रही है। पीड़ित युवक कान्हीवाड़ा क्षेत्र का निवासी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक युवती से कथित प्रेम संबंध के शक में युवती के परिजनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक का अपहरण कर उसे खेत में ले जाकर बंधक बनाया और अमानवीय तरीके से प्रताड़ित किया। आरोपियों ने युवक को निर्वस्त्र कर डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा तथा उसके जख्मों में नमक और मिर्च रगड़कर यातनाएं दीं। इस दौरान घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए बुधवार को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित के सिवनी पहुंचकर औपचारिक रिपोर्ट दर्ज कराने की संभावना है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद प्रकरण में आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पूरे जिले में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।


