July 16, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

नशा मुक्ति अभियान 2.0: परसवाड़ा पुलिस ने निकाली जागरूकता रैली, स्कूलों और ग्राम पंचायतों में दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

परसवाड़ा। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी – नशा मुक्ति अभियान 2.0” के तहत बुधवार को थाना परसवाड़ा पुलिस ने क्षेत्र में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सांदीपनी विद्यालय, ग्राम पंचायतों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया।
अभियान के तहत परसवाड़ा पुलिस एवं सांदीपनी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से विशाल जागरूकता रैली निकाली। रैली सांदीपनी विद्यालय से प्रारंभ होकर बिजाटोला चौराहा, बैठकी बाजार, जनपद पंचायत कार्यालय होते हुए थाना परिसर पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों ने “नशे से दूरी है जरूरी”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” सहित विभिन्न जनजागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सभी को आजीवन किसी भी प्रकार का नशा नहीं करने तथा अपने परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ी को नशा मुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की नशा मुक्ति शपथ भी दिलाई गई।
मीडिया से चर्चा करते हुए नवागत नगर निरीक्षक अनुप नामदेव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक बालाघाट के निर्देशन में 15 जुलाई से 30 जुलाई तक जिलेभर में “नशे से दूरी है जरूरी-2.0” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्कूलों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, बस स्टैंड, बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान शपथ कार्यक्रम, जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, चौपाल, पंपलेट वितरण, डिजिटल माध्यम तथा क्यूआर कोड के जरिए भी लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को नशे की लत से बचाना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशा मुक्त समाज का निर्माण करना है।
थाना परसवाड़ा पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाकर इस जन-अभियान को सफल बनाएं।
कार्यक्रम में नगर निरीक्षक अनुप नामदेव, उप निरीक्षक जी.एल. अहिरवार, थाना परसवाड़ा का पुलिस बल, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

17 जुलाई को प्रधानमंत्री करेंगे 75 अमृत स्टेशनों का लोकार्पण,बालाघाट रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित कार्य भी होंगे राष्ट्र को समर्पित

Newsdesk

नशामुक्ति अभियान 2.0 के तहत तंबाकू विक्रेताओं पर कार्रवाई, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास चला विशेष अभियान

Newsdesk

जौहर विश्वविद्यालय पर बुलडोजर की आशंका, एआईएमआईएम ने अखिलेश यादव को घेरा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading