डबल लॉक केन्द्र में खाद वितरण की व्यवस्था का लिया जायजा
जबलपुर। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने आज सिहोरा विकासंखड के खितौला स्थिति आरोग्यम प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। श्री सिंह ने स्वास्थ्य केन्द्र के ओपीडी, दवा भंडार कक्ष, टीकाकरण कक्ष एवं दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रोजाना आने वाले ओपीडी के मरीजों की जानकारी ली। साथ ही उन्हें दवाओं की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए दवा वितरण के रिकार्ड की जांच की। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र के एनएचएम, सीबीएमओ को दवा वितरण का रिकार्ड और बेहतर करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने वैक्सीन भंडार कक्ष में रिकार्ड अपडेट नहीं मिलने पर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही कर नोटिस जारी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, सिहोरा एसडीएम ज्योति परस्ते, सीएमओ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
आंगनवाड़ी केन्द्र का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री सिंह ने सिहोरा प्रवास के दौरान शास्त्री वार्ड सिहोरा स्थिति एकीकृत बाल विकास सेवा आंगनवाड़़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी में पढ़ रहे बच्चों के साथ आत्मीय संवाद कर उनसे कहानी एवं कविताएं भी सुनी। श्री सिंह ने आंगनवाड़ी में बच्चों की संख्या एवं उन्हें मिलने वाले पोष्टिक आहार की जानकारी भी ली। श्री सिंह ने आंगनवाड़ी केन्द्र का भवन निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी के निर्माण कार्य की खराब गुणवत्ता को देखते हुए संबंधित सब इंजीनियर पर कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिये।
सांदीपनि विद्यालय का किया अवलोकन
कलेक्टर श्री सिंह ने सिहोरा स्थित सांदीपनि विद्यालय के अंतिम चरण में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय का निर्माण कार्य समय सीमा पर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिये। श्री सिंह ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से विद्यालय में विद्यार्थियों के प्रवेश की जानकारी ली। साथ ही पुराने विद्यालय से सांदीपनि विद्यालय में शिफ्ट होने वाले विद्यार्थियों की जानकारी भी ली।
कलेक्टर ने विद्यालय के क्लासरूम, प्रायोगिक कक्ष का बारीकी से अवलोकन कर मजदूरों की संख्या बढ़ाकर इस माह के अंत तक कार्य पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती संध्या दिलीप दुबे, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, एसडीएम ज्योति परस्ते, जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे, निर्माण एजेंसी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
डबल लॉक केन्द्र का भी किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री सिंह ने सिहोरा स्थित मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ भंडारण केन्द्र (डबल लॉक केन्द्र) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्र में नैनो यूरिया एवं खाद की उपलब्धता की जानकारी ली। श्री सिंह ने केन्द्र में खाद लेने पहुंचे किसानों से भी संवाद किया। उन्होंने किसानों को ई-टोकन प्रणाली व्यवस्था पर चर्चा की। किसानों ने कलेक्टर को बताया कि ई-टोकन जनरेट होने के बाद उन्हें आसानी से खाद प्राप्त हो रही है। कलेक्टर श्री सिंह ने केन्द्र के कर्मचारियों से खाद वितरण की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से कहा कि खाद वितरण की सभी प्रक्रिया पेपरलेस तरीके से संपन्न हो तथा भुगतान में भी ऑनलाईन प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाये। उन्होंने किसानों से खाद का भुगतान ऑनलाईन माध्यम से करने को प्राथमिता देने का आग्रह किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, एसडीएम ज्योति परस्ते, उप संचालक कृषि रवि आम्रवंशी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


