जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल जाखड़ के नेतृत्व में जिले में चल रहे नशा मुक्ति अभियान 2.0 के तहत शुक्रवार को थाना बेलबाग और घमापुर क्षेत्र में संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूलों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना और बच्चों को नशे की लत से बचाना रहा।
कार्रवाई के दौरान शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में गुटखा, बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA-2003) के तहत चालानी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को कानून का पालन करने की सख्त हिदायत देते हुए भविष्य में नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
अभियान में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के नोडल अधिकारी डॉ. प्रशांत दुबे तथा सामाजिक न्याय विभाग की उप संचालक सोनम भारवे भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने दुकानदारों को जागरूक करते हुए कहा कि युवाओं और स्कूली बच्चों को तंबाकू की लत से बचाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने और कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी नियमित निरीक्षण और संयुक्त प्रवर्तन कार्रवाई जारी रखी जाएगी।


