जबलपुर। जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गढ़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बदनपुर पहड़िया स्थित एक जुए के फड़ पर देर रात छापा मारकर पांच जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 25 हजार 260 रुपये नकद और ताश की तीन गड्डियां जब्त की हैं। वहीं, चार नामजद सहित कुछ अन्य आरोपी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला तथा नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि 17 जुलाई की देर रात विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बदनपुर पहड़िया क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर मोनू प्रजापति, श्याम प्रजापति, मोनू उर्फ लक्ष्मी सिंह लोधी, राहुल मनोहरे और मूर्ति केवट को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके साथ राज बिठ्ठल, संदीप पटेल, अन्नू रैकवार तथा एक-दो अन्य लोग भी जुआ खेल रहे थे, जो पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गए। आरोपियों ने यह भी बताया कि जुए के फड़ का संचालन अज्जू चक्रवर्ती और रोहित सेन द्वारा कराया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुए के फड़ से 25,260 रुपये नकद एवं ताश की तीन गड्डियां जब्त कर जुआ एक्ट की धारा 13 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 49 के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक संजय गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक रामकरन मिश्रा, प्रधान आरक्षक ज्ञानेन्द्र पाठक, प्रदीप दुबे, हेमंत पटेल तथा आरक्षक भगवान सिंह और गौरव तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


