जबलपुर। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला जबलपुर का है, जहां दुबई में होटल में हेल्पर की नौकरी और तीन साल का वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर 22 वर्षीय इरफान अली से 1.40 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। चिंताजनक बात यह है कि पिछले तीन महीनों से इरफान का अपने परिवार से कोई संपर्क नहीं हो पाया है, जिससे परिजन बेहद परेशान हैं।
पीड़ित युवक के मामा आफताब अली ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रजा चौक स्थित पानी की टंकी के पास रहने वाले एजाज अंसारी ने इरफान को दुबई में होटल में नौकरी और तीन साल का वर्क वीजा दिलाने का भरोसा देकर 1.40 लाख रुपये लिए थे। लेकिन वादा निभाने के बजाय आरोपी ने उसे टूरिस्ट (विजिट) वीजा पर दुबई भेज दिया।
आफताब अली के अनुसार, विजिट वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद वहां मौजूद एजेंट के साथियों ने इरफान का पासपोर्ट अपने कब्जे में ले लिया और उसका मोबाइल भी छीन लिया। इतना ही नहीं, रात के समय उसे कमरे से बाहर निकाल दिया गया, जिसके बाद से वह बेसहारा हो गया। परिवार का कहना है कि पिछले तीन महीनों से इरफान से कोई संपर्क नहीं हो सका है और उन्हें उसके सुरक्षित होने की चिंता सता रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपी एजेंट से पूछताछ कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवार ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि इरफान को सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।


