जबलपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान घायल हुए जबलपुर जिले के पाटन निवासी 25 वर्षीय इरशाद मंसूरी का हालचाल जानने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से इरशाद के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पेलेट गन का एक छर्रा इरशाद की आंख में लग गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी आंख का ऑपरेशन किया गया। फिलहाल उनकी आंख पर पट्टी बंधी हुई है और डॉक्टरों के अनुसार पट्टी खुलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उनकी दृष्टि पर कितना प्रभाव पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही इरशाद के पिता दिल्ली पहुंच गए और अस्पताल में उनके साथ मौजूद हैं। इरशाद ने इंदौर से एमबीए की पढ़ाई की है और वर्तमान में दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। वह अपने दोस्तों के साथ प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे।
इरशाद के बड़े भाई शेख मुस्तफा मंसूरी ने बताया कि 20 जुलाई की शाम करीब 8 बजे उन्हें एक मित्र के माध्यम से घटना की जानकारी मिली थी। इसके बाद उनके पिता तत्काल दिल्ली रवाना हुए। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सफल रहा है, लेकिन आंख की रोशनी को लेकर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
परिवार ने प्रदर्शन के दौरान घायल हुए सभी लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, परिजनों की सबसे बड़ी चिंता इरशाद की आंख की रोशनी सुरक्षित रहने और उनके जल्द स्वस्थ होने को लेकर है।


