जबलपुर। रेलवे स्टेशन और चलती ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 3 लाख 52 हजार 420 रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में भुसावल-कटनी और कटनी-भुसावल पैसेंजर ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, रेल पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन और रेल पुलिस उप अधीक्षक अंकिता सुल्पा के मार्गदर्शन में अपराधियों की धरपकड़ और अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के इटारसी एंड पर एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को दिखाई दिया। पूछताछ में उसकी पहचान राजा निषाद (32), निवासी जगदेव का अखाड़ा, जिला चित्रकूट (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी खिरहनी फाटक, कटनी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। संदेह के आधार पर उससे रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की गई।
जीआरपी का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने करीब ढाई से तीन महीने पहले भुसावल-कटनी पैसेंजर और कटनी-भुसावल पैसेंजर ट्रेनों में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर जीआरपी ने एक सोने का हार, तीन सोने की नाक की लॉन्ग, एक सोने की नथ, एक सोने का मंगलसूत्र और 12 नग सोने के मनचली के गुरिया बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने दो सोने की जेंट्स अंगूठी और एक जोड़ी चांदी की पायल को कटनी के गोल बाजार स्थित मुस्कान ज्वैलर्स में बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ज्वैलर्स संचालक विकास सोनी, निवासी जालपा देवी वार्ड, कटनी के कब्जे से दोनों सोने की अंगूठियां और चांदी की पायल बरामद कर ली। मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
जीआरपी पुलिस ने आरोपी राजा निषाद को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस द्वारा बरामद किए गए सोने-चांदी के आभूषणों की कुल कीमत करीब 3 लाख 52 हजार 420 रुपए बताई गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत, सहायक उप निरीक्षक गोपाल सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक सतेन्द्र सिंह, अरुण तिवारी, मनोज मिश्रा, रविकांत रजक, गोपाल, उमेश चौरे तथा आरआईबी प्रधान आरक्षक हर्ष स्वरूप शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।


