जबलपुर। शहर में अवैध जुआ और सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेलबाग थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार सटोरियों को सट्टा लिखते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से कुल 17 सट्टा पर्चियां और 10 हजार 290 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध सट्टा एक्ट की धारा 4(क) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
थाना प्रभारी जितेन्द्र पाटकर ने बताया कि 23 जुलाई को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि पांडे अस्पताल के सामने स्थित संगम चाय की दुकान के पास कुछ लोग अवैध रूप से सट्टा-पट्टी लिखकर लोगों से दांव लगवा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अच्छेलाल चौधरी (40 वर्ष) निवासी सिंधी कैम्प, बाबा रोड, हनुमानताल, विजय कुमार गुप्ता (58 वर्ष) निवासी सरस्वती कॉलोनी, कोतवाली, प्रदीप कोरी (36 वर्ष) निवासी बल्दीकोरी की दफाई, घमापुर तथा संजय जैन (59 वर्ष) निवासी शांतिनगर, गोहलपुर बताए।
तलाशी के दौरान अच्छेलाल चौधरी के कब्जे से पांच सट्टा पर्चियां और 3,120 रुपये, विजय कुमार गुप्ता से पांच सट्टा पर्चियां और 2,180 रुपये, प्रदीप कोरी से चार सट्टा पर्चियां और 2,350 रुपये तथा संजय जैन से तीन सट्टा पर्चियां और 2,640 रुपये नकद बरामद किए गए। इस प्रकार चारों आरोपियों के कब्जे से कुल 17 सट्टा पर्चियां और 10 हजार 290 रुपये नकद जब्त किए गए।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक उमाशंकर यादव तथा आरक्षक मोहित, अभिमन्यु और अखिलेश की सराहनीय भूमिका रही।


