24.4 C
Jabalpur
September 16, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

खेत गए दंपती, पीछे से चोरों ने घर खंगाला; जेवर और नकदी लेकर फरार


अरंडिया में दिनदहाड़े वारदात, टूटे मिले संदूक और आलमारी के तालेपरसवाड़ा। थाना क्षेत्र के ग्राम अरंडिया में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खेत में काम करने गए दंपती के सूने घर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना का पता तब चला जब गृहस्वामिनी दोपहर में खाना लेने घर पहुंची।
पुलिस के अनुसार अरंडिया निवासी किसान लिखीराम बिसेन बुधवार सुबह खेत पर काम करने चले गए थे। कुछ देर बाद उनकी पत्नी भी घर में ताला लगाकर खेत पहुंच गईं। दोपहर करीब एक बजे जब वे घर लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो आलमारी, संदूक और सूटकेस के ताले भी टूटे पड़े थे तथा पूरा सामान अस्त-व्यस्त था।
पीड़ित परिवार ने जब सामान की जांच की तो पता चला कि घर में रखे दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी झुमके, दो जोड़ी बालियां, सोने की तीन पत्ती, चांदी की दो जोड़ी पैरपट्टी, एक करधन तथा 15 हजार रुपए नकद गायब हैं। बताया जा रहा है कि जेवर पुराने उपयोग के थे, इसलिए उनकी खरीद संबंधी रसीद उपलब्ध नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पीड़ित ने अपने रिश्तेदारों के साथ थाना परसवाड़ा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूने मकान पर थी चोरों की नजर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच हुई। इस दौरान घर में कोई मौजूद नहीं था। चोरों ने पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर घर के भीतर रखे बक्सों एवं आलमारी को खंगालकर कीमती सामान समेट लिया।
गांव में दहशत, पुलिस पर बढ़ा दबाव
दिनदहाड़े हुई चोरी के बाद अरंडिया गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियां बढ़ी हैं, लेकिन पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं है। लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों का पता लगाकर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
थाना परसवाड़ा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।

अन्य ख़बरें

चलती कार में हथियार लहराने का वीडियो वायरल, युवक पर कार्रवाई

Newsdesk

रुपये और मोबाइल छीनने वाला लुटेरा चंद घंटों में गिरफ्तार

Newsdesk

प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचने वाला पान दुकान संचालक गिरफ्तार

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading