सिवनी- कोतवाली पुलिस ने शहर में हुई नकबजनी और चोरी की अलग-अलग छह वारदातों का सफल खुलासा करते हुए हिस्ट्रीशीटर अजय उर्फ अज्जू कोष्टा सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा दो दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा तथा एसडीओपी श्री चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना पुलिस ने लगातार तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और संदिग्धों की निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए इन मामलों का पर्दाफाश किया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में भैरोगंज क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में शुभम जैन और संदेश सोनकेशरिया को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि चोरी के जेवर आईआईएफएल बैंक में गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखे गए थे। पुलिस ने बैंक की वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर लगभग 10 लाख रुपये के सोने के जेवर बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा चोरी की रकम से खरीदी गई कार की भी तलाश की जा रही है।
इसी तरह वर्ष 2026 में गुरूनानक वार्ड, सूफीनगर गांधी वार्ड और नया मोहल्ला क्षेत्र में हुई तीन नकबजनी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अजय उर्फ अज्जू कोष्टा को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी और नकबजनी सहित 26 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं तथा उसकी हिस्ट्रीशीट वर्ष 2012 से खुली हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी के जेवरात बरामद किए गए। मामले में आरोपी के रिश्तेदार राजकुमार विश्वकर्मा को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने चोरी के जेवर अपने पास रखना स्वीकार किया।
एक अन्य मामले में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हुई बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने महेन्द्र उर्फ पिल्लई निवासी जबलपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 11.15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, नगदी तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध जबलपुर में भी चोरी, लूट, मारपीट और अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं।
कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में हुई छह चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की पूछताछ एवं अन्य मामलों की जांच शुरू कर दी है।


