July 26, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

आदिवासियों के अधिकारों पर कोई समझौता नहीं होगा: विक्रांत भूरिया



पत्रकार वार्ता में केन-बेतवा परियोजना, वनाधिकार और आदिवासियों पर अत्याचार के मुद्दों पर सरकार को घेरा
जबलपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आदिवासी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश विधानसभा के विधायक विक्रांत भूरिया ने शुक्रवार को जबलपुर के सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देशभर में आदिवासी समुदाय के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों का लगातार हनन हो रहा है और कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

पत्रकार वार्ता में विक्रांत भूरिया ने विशेष रूप से केन-बेतवा लिंक परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस परियोजना से प्रभावित होने वाले आदिवासी परिवारों को उनकी जमीनों से विस्थापित किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रभावितों को उनकी भूमि का उचित और न्यायसंगत मुआवजा दिया जाए, पुनर्वास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा उनकी सहमति के बिना किसी भी प्रकार की कार्रवाई न की जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में वन विभाग द्वारा आदिवासियों की परंपरागत और पुश्तैनी जमीनों पर कब्जा करने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि वनाधिकार कानून के तहत पात्र आदिवासियों को उनके अधिकार मिलना चाहिए और जिन परिवारों के अधिकारों का हनन हुआ है, उन्हें तत्काल न्याय दिया जाना चाहिए।
विक्रांत भूरिया ने कहा कि आदिवासी समाज पर बढ़ रहे अत्याचार, भूमि विवाद, विस्थापन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दे गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इन सभी विषयों पर लगातार आवाज उठाती रही है और आगे भी आदिवासी समाज के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा करना संविधान की भावना के अनुरूप है और सरकार को इस दिशा में संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के नाम पर किसी भी समुदाय के अधिकारों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जा सकती।
पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के समसामयिक विषयों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनहित और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी तथा आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।

इस अवसर पर शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

एनसीसी कैडेट्स को दिया आपदा प्रबंधन एवं जीवन रक्षक कौशल का प्रशिक्षण

Newsdesk

विकसित भारत एवं कारगिल विजय दिवस पर त्रिदिवसीय फोटो प्रदर्शनी शुरू

Newsdesk

कलेक्टर ने लिया बरगी बांध में जल भराव की स्थिति का जायजा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading