July 27, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

2 अगस्त के आंदोलन को लेकर तेज हुई तैयारी
आशीर्वाद मैरिज गार्डन अनूपपुर में संघ के प्रदेश पदाधिकारियों ने किया संबोधित


अनूपपुर। मध्य प्रदेश बाह्य स्त्रोत विद्युत कर्मचारी संगठन (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ) द्वारा आगामी 2 अगस्त को भोपाल के अंबेडकर मैदान में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय महाआंदोलन की तैयारियां पूरे प्रदेश में तेजी से चल रही हैं। संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विभिन्न जिलों में बैठकों का आयोजन कर रहे हैं, कर्मचारियों से जनसंपर्क कर रहे हैं तथा पोस्टर, बैनर एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से आंदोलन को सफल बनाने का अभियान चला रहे हैं। इन तैयारियों के फोटो एवं वीडियो भी लगातार मीडिया को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। संगठन द्वारा 2 अगस्त को अंबेडकर मैदान में विशाल आमसभा आयोजित की जाएगी। इसके उपरांत हजारों आउटसोर्स कर्मचारी अंबेडकर मैदान से वल्लभ भवन तक रैली निकालकर माननीय मुख्यमंत्री के नाम 21 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे। संगठन के अनूपपुर जिलाध्यक्ष सुनील चौरसिया ने बताया कि मध्य प्रदेश की विद्युत वितरण कंपनियों, ट्रांसमिशन कंपनी एवं उत्पादन कंपनी में वर्षों से कार्यरत हजारों आउटसोर्स कर्मचारी बिजली व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें पर्याप्त वेतन, सेवा सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां उपलब्ध नहीं हैं। कर्मचारियों को वर्षों का अनुभव होने के बावजूद वे ठेकेदारी व्यवस्था के कारण असुरक्षा और शोषण का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की प्रमुख मांग है कि मध्य प्रदेश सरकार हरियाणा की तर्ज पर मध्य प्रदेश आउटसोर्स कर्मचारी निगम/मंडल/आयोग का गठन करे, जिसके माध्यम से समस्त आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती, सेवा प्रबंधन एवं निगरानी की व्यवस्था हो तथा निजी ठेकेदारों की मनमानी पर प्रभावी रोक लगे। श्री चौरसिया ने कहा कि संगठन प्रदेश के सभी आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए 60 वर्ष तक सेवा सुरक्षा, समान कार्य के लिए समान वेतन, समय पर वेतन भुगतान, ईपीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी, बीमा, दुर्घटना सहायता, आश्रित को रोजगार तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ सुनिश्चित करने की मांग कर रहा है। उनका कहना है कि आउटसोर्स कर्मचारी भी शासन की नियमित व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए उन्हें सम्मानजनक सेवा शर्तें और सुरक्षित भविष्य मिलना चाहिए। आशीर्वाद मैरिज गार्डन अनूपपुर में आयोजित जन जागरण सभा में संगठन के प्रदेश सचिव राहुल मालवीय व पूर्व क्षेत्र के प्रभारी सतीश साहू ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम प्रत्येक जिले में जाकर सभी आउटसोर्स कर्मचारी को उनकी मांगों को लेकर जागृत कर रहे हैं। पदाधिकारियों ने सभी आउटसोर्स विद्युत कर्मचारियों से अपील की कि वे 2 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में भोपाल पहुंचकर इस लोकतांत्रिक आंदोलन को सफल बनाएं, ताकि कर्मचारियों की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। जन जागरण सभा में जिले भर के सैकड़ो आउटसोर्स कर्मचारी सम्मिलित हुए।

अन्य ख़बरें

मातागुजरी महिला महाविद्यालय में उद्यमिता एवं कौशल विकास पर विद्यार्थी उन्मुखी कार्यक्रम आयोजित

Newsdesk

मध्य प्रदेश के 68 कॉलेज में शुरू हो रहा है एआई सर्टिफिकेट कोर्स : इंदर सिंह परमार

Newsdesk

गुरु केवल शिक्षा नहीं, जीवन को दिशा भी देते हैं, गुरुजनों के आदर्शों को जीवन में उतारें : योगी आदित्यनाथ

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading