जबलपुर जिले के बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम बसहा में अवैध शराब की बिक्री से परेशान होकर जिला कांग्रेस महिला उत्पीड़न निवारण समिति और ग्रामीणों ने जिला पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया है कि गांव में लंबे समय से चल रही अवैध शराब की बिक्री के कारण माहौल अत्यंत दूषित और असुरक्षित हो गया है, जिससे आए दिन असामाजिक तत्वों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के साथ अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न की घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय स्तर पर की गई शिकायतों के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। समिति और ग्रामीणों ने मांग की है कि अवैध शराब के केंद्रों पर तत्काल छापेमारी कर उन्हें बंद कराया जाए, दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो, पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए।


