बंद हो रही उमरिया कालरी को बचाने एवं युवाओं को रोजगार दिलाए जाने की होगी मांग
उमरिया जिले में लगातार बढ़ती बेरोजगारी एवं रोजगार के घटते अवसरों को लेकर हिन्दू मुस्लिम एकता मंच एवं एकता युवा शक्ति संगठन द्वारा 30 जुलाई 2026 को श्रीमान कलेक्टर महोदया, जी उमरिया के नाम एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन ने इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) बांधवगढ़ को सूचना देकर अवगत कराया है कि दोपहर 11:00 बजे से 2:00 बजे के मध्य ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में मुख्य रूप से उमरिया कालरी (चपहा कालरी) के बंद होने की स्थिति से प्रभावित हुए श्रमिकों एवं उनके परिवारों की आजीविका के संकट, जिले में नए रोजगार के अवसरों की कमी तथा बेरोजगार युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त की जाएगी। संगठन का मानना है कि उमरिया जैसे जिले में रोजगार के सीमित अवसरों के कारण बड़ी संख्या में युवा पलायन करने को मजबूर हैं। यदि समय रहते रोजगार सृजन के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो जिले के हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित होगा। ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन से रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने एवं प्रभावित परिवारों के हित में आवश्यक कदम उठाने की मांग की जाएगी। सभी संगठनों, राजनीतिक दलों एवं नागरिकों से अपील हिन्दू मुस्लिम एकता मंच एवं एकता युवा शक्ति संगठन ने जिले के सभी सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, व्यापारी संगठनों, युवा साथियों एवं समस्त नागरिक बंधुओं से अपील की है कि वे 30 जुलाई 2026 को दोपहर 11:00 बजे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जनहित एवं युवा हित के आंदोलन में सहभागी बनें और जिले के युवाओं के रोजगार के अधिकार की आवाज़ को बुलंद करें। रोजगार की लड़ाई किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि पूरे जिले के हर युवा और हर परिवार के भविष्य की लड़ाई है। आइए, एकजुट होकर उमरिया के युवाओं के रोजगार और सम्मानजनक भविष्य के लिए अपनी आवाज़ बुलंद करें।


