जबलपुर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत जिला जबलपुर की तीन माह की बालिका त्रिशा विश्वकर्मा को आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से निःशुल्क हृदय सर्जरी का लाभ मिला, जिससे उसे नया जीवन प्राप्त हुआ।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, त्रिशा विश्वकर्मा (पिता – प्रदीप कुमार विश्वकर्मा), निवासी साइंस कॉलेज बस्ती, पचपेड़ी, जबलपुर, जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित थी। जैसे ही इस संबंध में डी.ई.आई.एम. को जानकारी मिली, उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. नवीन कोठारी को अनुशंसा भेजी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर आरबीएसके के जिला नोडल अधिकारी डॉ. अमजद खान एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिजनों की सहमति से बालिका को नारायणा हृदयालय, मुंबई (महाराष्ट्र) रेफर किया।
दिनांक 20 जुलाई 2026 को आयुष्मान भारत योजना के तहत नारायणा हृदयालय में त्रिशा की सफल एवं पूरी तरह निःशुल्क हृदय सर्जरी की गई। सर्जरी के बाद बालिका का स्वास्थ्य बेहतर है और उसे नया जीवन मिला है।
बालिका के परिजनों ने सफल उपचार के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री, जिला कलेक्टर जबलपुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, आरबीएसके के जिला नोडल अधिकारी डॉ. अमजद खान, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम, डी.ई.आई.एम., नारायणा हृदयालय मुंबई की चिकित्सकीय टीम तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।


