हांगू । पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत स्थित हांगू के खजीना चेक पोस्ट पर हुए भीषण आतंकवादी हमले और जवाबी कार्रवाई में एक डीएसपी समेत नौ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने 15 आतंकवादियों को ढेर करने का दावा किया है। ख़ैबर पख़्तूनख़्वा पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, बुधवार को आतंकवादियों ने हांगू की खाजिना बंदा चौकी को निशाना बनाते हुए भारी हथियारों से हमला किया। इस हमले और उसके बाद चलाए गए जवाबी अभियान में डीएसपी दियार खान समेत नौ पुलिसकर्मी शहीद हो गए, जबकि डीएसपी मुजाहिद हुसैन सहित 28 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। दूसरी ओर, पाकिस्तान सेना के जनसंपर्क विभाग (ISPR) ने बुधवार को जानकारी दी कि पिछले 24 घंटों के दौरान सुरक्षा बलों ने ख़ैबर पख़्तूनख़्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में चलाए गए संयुक्त अभियानों के दौरान 32 आतंकवादियों को मार गिराया है।


