जबलपुर। नगर निगम के 16 जोनों में कार्यरत आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटरों ने पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने और ईपीएफ सहित अन्य सुविधाओं में अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
कर्मचारियों का कहना है कि ठेकेदार की अनुबंध अवधि समाप्त होने के बाद से वेतन भुगतान अटक गया है। साथ ही ईपीएफ और ईएसआईसी की राशि नियमित रूप से जमा नहीं की जा रही है तथा इसकी स्पष्ट जानकारी भी कर्मचारियों को नहीं दी जा रही है। उनका आरोप है कि छुट्टियों के नाम पर वेतन में कटौती की जाती है, जबकि अवकाश के दिनों में काम लेने पर उसका भुगतान नहीं किया जाता।
मामले की जानकारी मिलने पर कांग्रेस पार्षद दल भी कर्मचारियों के समर्थन में नगर निगम पहुंचा। पार्षदों ने अतिरिक्त आयुक्त से चर्चा कर कम से कम एक माह का लंबित वेतन तत्काल जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी नगर निगम की कार्यप्रणाली की रीढ़ हैं और इनके बिना आम जनता को सेवाएं देना संभव नहीं है।
कर्मचारियों ने मांग की कि अगस्त की 5 तारीख तक दोनों माह का लंबित वेतन, ईपीएफ और मेडिकल अलाउंस का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वेतन भुगतान की एक निश्चित तिथि तय की जाए, ताकि भविष्य में कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
वहीं नगर निगम प्रशासन की ओर से अतिरिक्त आयुक्त ने कहा कि उनके संज्ञान में फिलहाल जून माह का वेतन लंबित होने का मामला आया है। संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर कारण पूछा जा रहा है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


