कमिश्नर ने कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर व्यक्त की नाराजगी
कमिश्नर ने की विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा, दिए निर्देश
कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने उमरिया कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभागार में शासन व्दारा संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की ।
कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण, गैर संचारी रोग, सिकल सेल एनीमिया, मानसून जनित बीमारियां तथा अस्पताल प्रबंधन, अधोसंरचना की समीक्षा करने पर अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्ति की एवं प्रगति लाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए।
कमिश्नर को बैठक में बताया गया कि पाली विकासखंड में नवीन पैथालॉजी भवन का संचालन बिजली कनेक्शन नही होने की वजह से संचालित नही हो पा रहा है। कमिश्नर ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि बी.एम.ओ. पी एल सागर के विरूध्द अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु प्रस्ताव भेजना सुनिश्चित करें।
कमिश्नर ने करकेली विकासखंड में बने इंडोर बैटमिंटन हॉल अधूरा होने कि स्थिति में ग्रामीण यांत्रिकीय विभाग को निर्देशित करते हुए कहा संबंधित ठेकेदार को नोटिस देकर कार्य को समय सीमा में पूर्ण कराए अन्यथा ठेकेदार का टेंडर निरस्त करें।
बैठक में कमिश्नर ने जल प्रदाय योजना की ड्राइंग डिजाईन अप्रूवल के लिए लंबित होने की पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी पाली को नोटिस जारी करनें के निर्देश दिए। कमिश्नर श्रीमती गुप्ता ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग को निर्देश दिए कि नल जल योजना के पूर्व वर्षो के कार्य 15 अगस्त तक पूरा करते हुए हैंडओव्हर करना सुनिश्चित करे।
कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने डीएफओ को निर्देश दिए कि डब्ल्यू आरडी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग, पी एम जी एस वाय , जन जातीय कार्य विभाग से कहा कि फारेस्ट से संबंधित लंबित अनुमति को तत्परता से पूर्ण कराएं ताकि लंबित परियोजनाओं को पूर्ण किया जा सके । कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उप संचालक कृषि ने बताया कि 1344 अऋणी कृषकों का फसल बीमा करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है । कमिश्नर ने ग्राम पंचायतों में कैंप लगाकर 15 अगस्त तक कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए। मृदा परीक्षण के संबंध में बताया गया कि प्राप्त वार्षिक लक्ष्य 3338 में 500 जांच हुई है जिस पर कमिश्नर व्दारा नाराजगी व्यक्त की गई ।
महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर श्रीमती गुप्ता ने कहा कि आंगनबाड़ी में भेजी गई टीवी का उपयोग करते हुए बच्चों को शिक्षा प्रदान की जाए।
इसी तरह कुपोषित बच्चों का डिस्चार्ज के पश्चात नियमित रूप से फालोअप करने के भी निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि शासकीय योजनाओं का तत्परता से क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए निर्माण कार्यो को समय सीमा में पूर्ण कराएं तथा हितग्राही मूलक योजनाओं का नियत समय पर संबंधितों को लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित करें ।
कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग, कानून व्यवस्था, शहरी प्रशासन, कृषि, सुशासन एवं राजस्व, महिला एवं बाल विकास विभाग, खनिज विभाग, श्रम विभाग,विभाग, उल्लास साक्षरता मिशन सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय, सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


