जबलपुर। रेलवे बोर्ड ने आरएसी (Reservation Against Cancellation) यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए सभी जोनल रेलवे को निर्देश जारी किए हैं कि एसी श्रेणी (एसी चेयर कार को छोड़कर) में यात्रा करने वाले प्रत्येक आरएसी यात्री को भी अन्य यात्रियों की तरह पूरी बेडरोल किट उपलब्ध कराई जाए। अब आरएसी यात्रियों को यात्रा के दौरान चादर, कंबल, तकिया और बेडशीट जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी।
रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर (ईएनएचएम) लव शुक्ला द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि एसी कोच में सफर करने वाले हर आरएसी यात्री को पूर्ण बेडरोल किट देना अनिवार्य है। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई ट्रेनों में आरएसी यात्रियों को बेडरोल नहीं दिया जाता था या फिर पर्याप्त किट उपलब्ध नहीं कराई जाती थी।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। बोर्ड ने दोहराया कि आरएसी यात्री भी वैध टिकटधारी हैं और उन्हें कोच में यात्रा कर रहे अन्य यात्रियों के समान सुविधाएं मिलनी चाहिए।
रेलवे के इस फैसले से विशेष रूप से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले हजारों आरएसी यात्रियों को राहत मिलेगी। अब उन्हें चादर, कंबल और तकिए जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा तथा यात्रा पहले की तुलना में अधिक आरामदायक होगी।


