कुरई सी टाइम्स (सरवन वर्मा)- जिले के थाना कुरई अंतर्गत चौकी बादलपार क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राम सापापार में अज्ञात चोरों ने मध्य रात्रि करीब 2 बजे एक साथ तीन मकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान चोरी कर लिए। घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार चोरों ने पदम सिंह राठौर पिता नेतराम राठौर, धर्मराज राठौर पिता विज्जू राठौर सहित तीन परिवारों को निशाना बनाया। घरों में रखे कमर करधन, पायल, मंगलसूत्र, नकदी एवं अन्य कीमती सामान लेकर चोर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था।
घटना की सूचना मिलते ही कुरई पुलिस, बादलपार चौकी पुलिस, एसडीओपी बरघाट ललित गठरे तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
सबसे गंभीर बात यह है कि बादलपार चौकी क्षेत्र में यह लगातार तीसरी बड़ी चोरी बताई जा रही है। इससे पहले हुई चोरी की घटनाओं का भी आज तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही वारदातों ने ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि पूर्व की घटनाओं का समय रहते खुलासा हो जाता तो शायद अपराधियों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध लोगों की सघन जांच हो और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि लोगों का पुलिस पर विश्वास कायम रह सके।
*इनका कहना है*
“मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। हमारी टीम लगातार काम कर रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।”
— ललित गठरे, एसडीओपी, बरघाट


