दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर होगी सख्त कार्रवाई
जबलपुर। गंजीपुरा स्थित सुलभ शौचालय की सीलिंग का एक हिस्सा गिरने की घटना सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
निगम प्रशासन ने मामले में जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक निर्माण कार्य और रखरखाव में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त वैधानिक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर निर्माण की गुणवत्ता और नागरिकों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जांच के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता, इस्तेमाल की गई सामग्री और रखरखाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जाएगी।
घटना के बाद शौचालय परिसर के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और मजबूतीकरण का काम शीघ्र शुरू कराने की तैयारी की जा रही है। निगम के अनुसार क्षतिग्रस्त हिस्से की री-स्ट्रक्चरिंग के साथ आवश्यक तकनीकी सुधार भी कराए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को मरम्मत कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद जिम्मेदारी तय कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


