August 10, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

आस्था के सैलाब में गूंजा हर-हर महादेव, मुख्यमंत्री ने उठाई कांवड़



संस्कार कांवड़ यात्रा में शामिल हुए डॉ. मोहन यादव, दादा गुरु के साथ पैदल चले; कांवड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा से किया अभिनंदन जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में सोमवार को संस्कार कांवड़ यात्रा में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि जहां तक नजर गई, वहां तक कांवड़ ही कांवड़ दिखाई दीं। मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर हजारों कांवड़ यात्री भगवान भोलेनाथ को अर्पित करने के संकल्प के साथ यात्रा पर निकले। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस भव्य यात्रा में शामिल हुए और दादा गुरु के साथ कुछ दूरी तक कांवड़ उठाकर कांवड़ यात्रियों का उत्साह बढ़ाया।
कांवड़ यात्रियों का अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा, “जहां तक नजर जाती है, वहां तक कांवड़ ही कांवड़ दिखाई दे रही हैं। इतनी विशाल कांवड़ यात्रा मैंने पहले कभी नहीं देखी। ऐसा लग रहा है मानो आस्था का सैलाब समुद्र की लहरों की तरह आगे बढ़ रहा हो।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्री भक्ति, साधना और संकल्प के साथ मां नर्मदा का जल लेकर निकले हैं। सावन के पावन महीने में मां नर्मदा की नगरी संस्कारधानी जबलपुर से भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित करने के लिए निकली यह यात्रा आस्था और शिव-शक्ति की साधना का प्रतीक है।

दादा गुरु के साथ मुख्यमंत्री ने उठाई कांवड़

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूज्य दादा गुरु के साथ कांवड़ उठाकर यात्रा में सहभागिता की। उन्होंने संतों का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनकी तपस्या और साधना समाज के लिए प्रेरणा है। दादा गुरु ने अपने जीवन में तप और साधना का जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह अद्भुत है। उनके संकल्प और आशीर्वाद से सभी के जीवन में मंगल हो, यही प्रार्थना है।
इस दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।
सनातन संस्कृति की धारा मजबूत कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए लगातार काम कर रही है। सनातन संस्कृति की धारा को और मजबूत करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। कांवड़ यात्रियों को यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश के देवस्थलों को उनकी गरिमा और गौरव के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक जड़ों में सनातन संस्कृति की मजबूत उपस्थिति है। हमारे देवस्थान आत्म-अनुशासन और जीवन में उन्नति की प्रेरणा देते हैं। इससे समाज में सकारात्मकता, उत्साह और उमंग का वातावरण बनता है।

नर्मदा का हर कंकर शंकर : मुख्यमंत्री

डॉ. यादव ने कहा कि बाबा महादेव कण-कण में विद्यमान हैं। मां नर्मदा के बारे में कहा जाता है कि “नर्मदा के हर कंकर में शंकर” हैं। मां नर्मदा की कृपा से ही श्रद्धालु उनकी पवित्र धारा का जल लेकर भगवान भोलेनाथ को अर्पित करने के लिए इस पावन यात्रा पर निकलते हैं।
मुख्यमंत्री ने संस्कार कांवड़ यात्रा में शामिल सभी कांवड़ यात्रियों, जबलपुरवासियों, प्रदेशवासियों और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कांवड़ यात्रा संयोजक शिव यादव सहित महापौर जगत बहादुर सिंह
अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, विधायक सुशील तिवारी इंदु, विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय, विधायक नीरज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोंटिया, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भाजपा दिव्यांग प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष संदीप रजक, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, भाजपा जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, पूर्व विधायक नीलेश अवस्थी, सोनू बचवानी, रंजीत पटेल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

अन्य ख़बरें

पश्चिम बंगाल : ममता बनर्जी पर हुए हमले के विरोध में सड़कों पर उतरेगी तृणमूल

Newsdesk

वाहनों की बढ़ती संख्या से तमिलनाडु में सड़क हादसे भी बढ़े, 2025 में 71 हजार से ज्यादा दुर्घटनाएं

Newsdesk

नशा मुक्त ओडिशा अभियान को सफलता, सोनपुर में 13 करोड़ रुपए का गांजा जब्त

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading