जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेशन परिसर में खड़े एक रेलवे कोच में अचानक आग लग गई। करीब सुबह 9:30 बजे कोच से धुआं और आग की लपटें उठती देख रेलवे अधिकारियों को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। कुछ ही देर में दमकल की टीम स्टेशन पहुंची और तत्परता से आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से इसे आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, जिस कोच में आग लगी थी, वह यात्रियों के आवागमन के लिए उपयोग में नहीं आता था। इस कोच का इस्तेमाल रेलवे के विभागीय एवं आंतरिक कार्यों के लिए किया जाता था। घटना के समय कोच के अंदर कोई यात्री मौजूद नहीं था।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच के लिए टीम गठित की जाएगी। जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे अधिकारी आग से हुए नुकसान का आकलन करने के साथ ही घटना के कारणों की जांच में जुटे हैं।


