जबलपुर। होटल में लग्जरी कमरा देने से मना करने पर मैनेजर पर फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी कुनाल पटेल पिता रामप्रसाद पटेल (25), निवासी जगदीश अखाड़ा के पास, लॉर्डगंज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल, एक कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, होटल मैनेजर शिवम अग्रवाल (29) ने 28 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 26 जुलाई की रात कुनाल पटेल होटल में लग्जरी कमरा मांगने आया था। स्थानीय आईडी पर कमरा देने से मना करने और कमरे बुक होने की बात पर आरोपी ने कथित रूप से धमकी दी। अगले दिन रात करीब 11:30 बजे रानीताल गेट नंबर-1 के पास कुनाल अपने साथी शनि के साथ मोटरसाइकिल से पहुंचा और मैनेजर पर पिस्टल से तीन फायर कर फरार हो गया। घटना में शिवम को चोट नहीं आई।
एसपी सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर एएसपी शहर आयुष जाखड़, सीएसपी कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लॉर्डगंज नवल आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई। 10 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर रानीताल श्मशान घाट के पास से कुनाल को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पिस्टल व कारतूस छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे द्वारा देने की बात बताई। पुलिस के अनुसार कुनाल पर छह अपराध दर्ज हैं, जबकि छोटू चौबे को दो माह पूर्व NSA के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर भेजा गया था।
कार्रवाई में उप निरीक्षक लेखराम नादोनिया, एएसआई मनोज गोस्वामी, एएसआई पुष्पराज परस्ते, एएसआई राजेश वर्मा, आरक्षक पंकज सनोडिया, हुलेश परस्ते, शुभम पटेल और ऋषभ बर्मन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


